सिंगरौली:जनपद पंचायत बैढ़न के ग्राम पंचायत कर्सुआलाल की सड़क मिट्टी में परिवर्तित हो गई हैं। जहां सड़को पर पैदल चलना भी मुश्किल है। पंचायत के सरपंच-उप सरपंच एवं सचिव समेत दर्जनों ग्रामीणों ने पिछले पखवाड़ा लिखित तौर पर कलेक्टर को भी अवगत कराया था।कलेक्टर को आवदेन पत्र देते हुये पंचायत के सरपंच अंजनी प्रसाद उप सरपंच राधा जायसवाल समेत पंच कमलेश प्रसाद गुप्ता, संगीता जायसवाल, बेचूलाल समेत मनोज कुमार पाण्डेय, सुरेश कुमार, लालचन्द जायसवाल, भोला, सुनील, शीला समेत दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम कर्सुआलाल की समस्त सड़के बारिश के चलते गड्ढों में तब्दील हो गई हैं।
जिससे सड़को पर चलना मुश्किल हो गया है। सड़क इतनी खराब हो गई है कि छोटे-बड़े वाहन फंस जा रहे हैं। यहां उक्त मार्ग में कोल कंपनियों के हाईवा, ट्रेलर समेत अन्य छोटे वाहन रात-दिन चल रहे हैं। हादसो का डर सताता रहता है। यहां तक कि उक्त मार्ग में अत्यधिक वाहनों के चलने से स्कूली बच्चों के आने-जाने में खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या से क्षेत्रीय विधायक को भी अवगत कराया गया। उन्होंने कलेक्टर को भी पत्र लिखा। लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है, बल्कि सड़क दल-दल में तब्दील होने के कारण आये दिन वाहन भी फंसते रहते हैं। बारिश के चलते सड़क पैदल चलने लायक भी नही रह गई है। यहां के ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत कराये जाने की मांग कलेक्टर से की है।
ग्रामीण आंदोलन करने की तैयारी में
यहां के ग्रामीणों ने बताया कि यहां की सड़के दुर्दशा की शिकार हो गई हैं। पूरी सड़क मिट्टी के दल-दल के मेंं तब्दील होने से पैदल भी चलना जोखिम भरा साबित हो रहा है। यहां कि छोटे-बड़े वाहन मिट्टी के दल-दल में फंसने से धक्के मारना पड़ता है। वही इस दौरान लोग मिट्टी में लथपथ हो जाते हैं। दल-दल एवं मिट्टी में तब्दील सड़क की हालत देखकर बच्चे भी प्रशासन को कोसने में कोई कोर कसर नही छोड़ते। स्कूली बच्चे इन दिनों सबसे ज्यादा परेशान हैं। स्कूल आते-जाते वक्त उनके ड्रेस, जूता-मोजा गन्दे हो जा रहे हैं। ऐसे में ग्रामीण आंदोलन करने का मन बना रहे हैं।
