इंदौर: मूसाखेड़ी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल की साइट पर चोरी की आशंका में एक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई. गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद उसकी मौत हो गई. पुलिस ने चौकीदार सहित कई मजदूरों को हिरासत में लिया है.आजाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मूसाखेड़ी इलाके में निर्माणाधीन पुल की साइट पर एक मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 32 वर्षीय उमेंद्र सिंह ठाकुर पिता महाराज सिंह, निवासी शिवदर्शन नगर आजाद नगर के रूप में हुई है.
उमेंद्र मंगलवार देर रात को मूसाखेड़ी पेट्रोल पंप के पास एक चाय की दुकान के सामने घायल अवस्था में मिले थे. राहगीरों ने सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और उमेंद्र को एमवाय अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने बताया कि उनके हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान थे, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उमेंद्र निर्माण स्थल पर गया था, जहां चोरी की शंका में कुछ मजदूरों और वहां तैनात चौकीदार ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी.
पुलिस ने चौकीदार और उसके कुछ मजदूर साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. उमेंद्र के भतीजे विश्वनाथ ने पुलिस को बताया कि वे रोजाना की तरह काम पर निकले थे. वे बेलदारी का काम करते थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे. उनके परिवार में अब बुजुर्ग मां ही हैं. पिता और दोनों भाई पहले ही गुजर चुके हैं, जबकि चारों बहनों की शादी हो चुकी है. मामले में आजाद नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया मामले में जांच कर रही है.
