सतना :सतना जिले के व्यंकट-02 मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया, जिसमें 105 जोड़ों ने विधि-विधान के साथ वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में सांसद श्री गणेश सिंह, महापौर श्री योगेश ताम्रकार तथा नगर निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा वर-वधु के परिजन एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जो न केवल सामाजिक परंपराओं को सम्मानपूर्वक निभाने में सहयोग करती है, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल भी प्रदान करती है। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। विवाह स्थल पर पेयजल, भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं एवं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
