
इंदौर. मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला शाखा ने शासन से हड़ताल अवधि का वेतन शीघ्र निकालने की मांग की है. संघ ने बताया कि शासन ने 11 नवंबर 2024 को आदेश जारी कर हड़ताल अवधि का वेतन देने की मंजूरी दी थी. आदेश के बाद सांवेर, देपालपुर, महू और हातोद ग्रामीण तहसीलों में वेतन जारी भी हो चुका है, लेकिन इंदौर शहरी क्षेत्र में अभी कई पटवारी इसका इंतजार कर रहे हैं.
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि जूनी इंदौर डीडीओ कोड से जुड़ी राऊ, खुड़ैल, भिचौली हप्सी और जूनी इंदौर तहसील में वेतन निकलना था. खुड़ैल तहसील में तीन पटवारियों प्रियंका चौहान, राजेश मारु और स्वाति शर्मा का वेतन नाजिर द्वारा जारी किया जा चुका है, लेकिन अन्य का वेतन अब तक लंबित है. इसी तरह कनाड़िया तहसील में केवल पटवारी रजनीबाला बैरागी का वेतन अटका हुआ है. संघ ने मांग की है कि जिन पटवारियों की सूची शेष है, उनका हड़ताल अवधि का वेतन भी जल्द जारी किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके.
