इटारसी। विपिन जोशी स्मारक समिति द्वारा 41वां राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह 5 सितंबर को ‘द पार्क क्लब एंड रिसॉर्ट’, होशंगाबाद रोड, इटारसी में आयोजित किया जाएगा। शाम 5 से रात 10 बजे तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर के 40 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। समारोह का मुख्य आकर्षण चयनित शिक्षकों का पादप्रक्षालन एवं सामूहिक महाआरती रहेगा।
पत्रकार वार्ता में समिति अध्यक्ष एडवोकेट रमेश के साहू ने सम्मानित होने वाले शिक्षकों की सूची जारी की। सचिव विनीत चौकसे ने बताया कि 1985 से शुरू हुआ यह आयोजन अब राष्ट्रीय मंच बन चुका है। सरस्वती वंदना, संगीत और स्वस्तिवाचन जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। समिति ने नागरिकों से समारोह में शामिल होकर शिक्षकों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
