सतना: जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र में वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) बृजेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अपनी कॉन्स्टेबल पत्नी भारती उपाध्याय और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई है।रेंजर का आरोप है कि 16 जून 2026 की रात पत्नी दो अजनबियों के साथ उनके सरकारी आवास पहुंचीं और वहां से एक्सयूवी वाहन, 2 लाख रुपए नकद और एक आईफोन लेकर फरार हो गईं। बरौंधा पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रेंजर बृजेन्द्र पाण्डेय और उनकी पत्नी भारती उपाध्याय के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों के तलाक का मामला साल 2025 से रीवा के फैमिली कोर्ट में लंबित है। पारिवारिक विवाद के चलते दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। पुलिस चोरी की इस शिकायत के तथ्यों की पड़ताल कर रही है। वहीं घटनाक्रम के बाद रेंजर बृजेन्द्र पाण्डेय का संजय टाइगर रिजर्व सीधी ट्रांसफर कर दिया गया है।
पकड़े गए थे होटल में
इससे पहले रेंजर बृजेन्द्र पाण्डेय को उनकी पत्नी ने 15 जून को रीवा के ‘होटल रॉयल इन’ में एक अन्य युवती के साथ पकड़ा था। पत्नी को सूचना मिली थी कि पति होटल में रुके हैं। वह सीधे कमरे तक पहुंचीं। दरवाजा खुलने पर रेंजर ने किसी और के होने से इनकार किया, लेकिन अंदर एक युवती मिली थी।
मांगी ताला तोड़ने की अनुमति
इस मामले में बुधवार को एक नया मोड़ तब आ गया जब एक अन्य वीडियो वायरल होने लगा। जिसमें देर रात बरौंधा थाना पहुंची महिला आरक्षक द्वारा रेंजर पति के शासकीय आवास का ताला को तोड़ने की अनुमति मांगी जा रही है। हालांकि थाने में उपस्थित मुंशी द्वारा आवेदन की पावती देने से इंकार कर दिया गया। लेकिन इसे लेकर देर रात बरौंधा थाना में हंगामा होता नजर आया।
