इंदौर:लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर गुरुवार को शहर में एकता और राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला. इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. कार्यक्रम में भाजपा के विधायक, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और अन्य नेता भी उपस्थित रहे.
माल्यार्पण के बाद ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया. जिसमें सैकड़ों विद्यार्थी, पुलिस अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और शहरवासी शामिल हुए. दौड़ नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर जीपीओ, संयोगितागंज, छावनी चौराहा, अर्जुन प्याऊ, सरदार पटेल प्रतिमा, मधुमिलन चौराहा, छत्रपति शिवाजी प्रतिमा से होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम पर समाप्त हुई. मंत्री तुलसी सिलावट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अब केवल नाम की पार्टी रह गई है, उनके पास बूथ स्तर के कार्यकर्ता तक नहीं बचे.
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर इंदौर में आयोजित यह दौड़ एकता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है, जिसने शहर में सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया है. कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि यह दौड़ देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को समर्पित है. ऐसे आयोजनों से देशवासियों में देशभक्ति और सामाजिक एकजुटता की भावना मजबूत होती है. कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस, खेल संगठन, एनजीओ, युवा कल्याण विभाग, स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए.
