वार्डवासियों ने पार्षद के खिलाफ खोला मोर्चा 

जबलपुर। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वीर सावरकर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर जनता में भारी रोष व्याप्त है। क्षेत्रीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम में सत्ता पक्ष की पार्षद पूजा पटेल तथा उनके पति दिलीप पटेल के कार्यकाल में वार्ड की जनता पेयजल, सड़क, नाली, साफ–सफाई, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रही है। रानीपुर, माली मोहल्ला, गरैया प्लॉट, कैलाश चक्की, सुदामा नगर और शिव नगर के निवासियों ने बताया कि वार्ड में न सड़कों की व्यवस्था है, न नालियों की सफाई होती है, जिसके कारण गंदा पानी सड़क पर बहता है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। जनता का कहना है कि आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी गरीब परिवारों तक नहीं पहुंच पाया। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़े बिजली बिलों ने परेशानी और बढ़ा दी है। इन समस्याओं को लेकर वार्ड की गरीब एवं आम जनता ने समाजसेवी अजय ग्रोवर के नेतृत्व में उग्र आंदोलन की तैयारी की है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो पार्षद के निवास स्थान पर बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। जनसभा में सुमित बाई कोरी, पूनम कोरी, चंदाबाई झारिया, रश्मि कोरी, आकाश कोरी, विकास कोरी, आशाबाई कोरी, हीराबाई कोरी, ममता बाई झारिया, गोरा बाई झारिया, नेहा कोरी, जित्तू कोरी, पूजा कोरी, मुस्कान कोरी सहित वार्ड की सैकड़ों महिलाएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Next Post

किसान सबसे कठिन दौर में लेकिन सरकार सिर्फ घोषणाओं तक सीमित: पटवारी

Sat Dec 6 , 2025
भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में किसानों ने सबसे कठिन दौर झेला है, लेकिन सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित रही। उन्होंने कहा कि खेती की लागत बढ़ने, फसल के दाम गिरने और लगातार प्राकृतिक आपदाओं […]

You May Like