शिवपुरी: शिवपुरी में धार्मिक भावनाओं को आहत करने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर होलिका दहन से जुड़ी एक पोस्ट में हनुमान जी के स्वरूप को दिखाए जाने से विवाद खड़ा हो गया। इस पर राष्ट्रीय सनातन सेना संगठन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। संगठन का आरोप है कि ‘खेडापति सरकार’ नामक इंस्टाग्राम पेज पर हाल ही में होलिका दहन से संबंधित एक पोस्ट डाली गई थी। इसमें होलिका के स्थान पर हनुमान जी के स्वरूप जैसा चित्र अग्नि में दिखाया गया था। शिकायत में बताया गया कि चित्र में भगवान हनुमान को रामानंदी तिलक के साथ दिखाया गया है, जिसे हिंदू धर्म के आराध्य देव का अपमान माना गया। संगठन ने कहा कि होलिका दहन में राक्षसी होलिका का दहन किया जाता है, लेकिन इस पोस्ट से धार्मिक प्रतीकों के साथ छेड़छाड़ कर हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई।
संगठन के प्रतिनिधि अविराम दास महाराज ने जब पेज संचालकों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कोई खेद व्यक्त नहीं किया। इसके बजाय, अज्ञात नंबरों से कॉल कर धमकियां दी जा रही हैं और मामले से दूर रहने की चेतावनी दी जा रही है। शिकायत में मांग की गई है कि इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले और अज्ञात नंबरों से धमकी देने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
