गाजियाबाद से आई बहू ने सास से की मारपीट, एफआईआर दर्ज


इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में गाजियाबाद से आई विवाहिता और उसके ससुराल पक्ष के बीच चल रहा पारिवारिक झगड़ा अब आरोप-प्रत्यारोप के नए दौर में पहुंच गया है. सास ने बहू पर घर में जबरन घुसकर मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है, वहीं बहू ने वीडियो वायरल कर ससुराल वालों के साथ-साथ पुलिस पर भी साठगांठ और रिश्वत लेकर कार्रवाई करने के गंभीर आरोप लगाए हैं.

लसूड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति निकेतन निवासी 62 वर्षीय कनकलता सिंघानिया ने गाजियाबाद निवासी अपनी बहू रूचि शर्मा और नंदिनी डोगरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है. कनकलता का आरोप है कि 19 अक्टूबर की सुबह रूचि बिना अनुमति उनके घर में घुस आई और रोकने पर मारपीट की. इसमें उन्हें चोटें आईं और गले की सोने की चैन टूट गई. कनकलता ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे नितेश सिंघानिया की शादी मई 2022 में रूचि से हुई थी, लेकिन कुछ ही महीनों बाद अगस्त 2022 में रूचि मायके गाजियाबाद चली गई थी.

आपसी मतभेदों के चलते दोनों परिवारों के बीच मामला अदालत में विचाराधीन है. कनकलता ने बताया कि विवादों के चलते उन्होंने बेटे और बहू दोनों को संपत्तियों से बेदखल कर दिया था, बावजूद इसके रूचि जबरन घर में घुसकर कब्जे की कोशिश कर रही है. फिलहाल, वह घर के अंदर दरवाजा बंद कर रह रही है, जिससे उन्हें अपनी जान का खतरा बताया है.

वहीं, दूसरी ओर, बहू रूचि शर्मा ने एक वीडियो वायरल करते हुए अपने पति, सास और ससुर पर उत्पीड़न और संपत्ति से जबरन बेदखल करने का आरोप लगाया है. रूचि का कहना है कि लसूड़िया पुलिस ने ससुराल पक्ष से मिलकर रुपए लेकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. उसने वीडियो में कहा कि वह अपने अधिकारों के लिए लड़ रही है और न्याय चाहती है. दोनों पक्षों के आरोपों के बीच अब पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल, महिला के घर में रहने और सुरक्षा को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

Next Post

कद्दावर पूर्व मंत्री से अदावत महंगी पड़ी महाराज सिंह को

Thu Oct 30 , 2025
ग्वालियर चंबल डायरी हरीश दुबे कांग्रेस के दौर में जीडीए के उपाध्यक्ष से लेकर कुछ दिन पहले तक पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष और संगठन प्रभारी रहे महाराज सिंह पटेल ने यह सपने में भी नहीं सोचा होगा कि दीवाली पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह से उनके बंगले पर जाकर मुलाकात […]

You May Like