इंदौर:जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने महू क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर दबिश दी. इस दौरान 11 प्रकरण दर्ज किए गए, एक वाहन जब्त किया और लाखों रुपए की अवैध शराब पकड़ी.आबकारी अधिकारी कमलेश सोलंकी के नेतृत्व में की गई इस संयुक्त कार्रवाई में पीठ रोड, सुतारखेड़ी, भोंडिया तालाब और जामली क्षेत्रों में छानबीन की गई.
यहां छिपाकर रखी गई करीब 40 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई, वहीं 2 हजार किलो महुआ लाहन को मौके पर नष्ट कर दी. जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2 लाख 08 हजार रुपए आंकी गई है. इसके अलावा रामकृष्ण बाग क्षेत्र में मालवा मिल वृत की टीम ने एक चार पहिया वाहन एमपी-40 एमबी 8453 को रोका, जिसमें 100 पाव देशी मदिरा प्लेन अवैध रूप से परिवहन की जा रही थी. वाहन सहित शराब जब्त कर ली गई है और आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है. आबकारी अधिकारी अरविंद शर्मा ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई लगातार की जाएगी.
