नयी दिल्ली, 26 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू पर देश के हितों के साथ कई बार समझौता करने का आरोप लगाया और कांग्रेस और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा।
पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री राहुल गांधी पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि श्री गांधी द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा कंप्रोमाइज्ड (समझौता) शब्द गलत है। उन्होंने कहा कि असल में देश को कमजोर करने वाले फैसले नेहरू के शासन काल में लिये गये थे जिसका दंश आज भी देश भुगत रहा है।
श्री पात्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू के समय लिए गए कुछ फैसलों पर सवाल उठाते हुये कहा कि उस दौर में राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत रखने में चूक हुई। उन्होंने 1954 के पंचशील समझौता का जिक्र करते हुए कहा कि इससे तिब्बत पर चीन का नियंत्रण स्वीकार किया गया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि अक्साई चिन में चीन द्वारा सड़क निर्माण की जानकारी को गंभीरता से नहीं लिया गया।
श्री पात्रा ने 1962 के भारत-चीन युद्ध का भी उल्लेख किया और कहा कि उस समय सेना को पर्याप्त तैयारी के बिना सीमा पर भेजा गया था।
श्री पात्रा ने कांग्रेस नेता श्री गांधी पर बार बार निशाना साधते हुये देश की छवि को खराब करने और गलत बयानी करने का भी आरोप लगाया।
