कुसमी: धौंहनी विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी ने तहसील कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने समस्याओं के निराकरण की मांग करते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम 13 सूत्रीय ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी कुसमी के माध्यम से सौंपा।
प्रदर्शन में अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज, खराब ट्रांसफार्मर, खाद की कमी, जर्जर सडक़ें, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं का अभाव और राजस्व संबंधी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की लचर व्यवस्था स्थानीय जनप्रतिनिधि की अकर्मण्यता प्रशासनिक उदासीनता के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और गरीब परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुसमी आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जल जंगल जमीन पर मूल निवासियों का अधिकार होना चाहिए लेकिन भाजपा सरकार उनके हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर कार्रवाई कर आमजन और किसानों को राहत देने की अपील की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि समस्याओं के समाधान तक जनहित के मुद्दे के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान संगठन महामंत्री ज्ञानेन्द्र अग्निहोत्री, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सिंगरौली सोनम सिंह, पंचायती राज प्रकोष्ठ के अध्यक्ष तिलकराज सिंह, जिला महामंत्री करुणासिंधु परौहा, विमल जायसवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेषमणि पनिका, जय सिंह, चिंतामणि गुप्ता, विनय मिश्रा, रणमत सिंह, सुशीला पनिका, हंसलाल यादव, मोनी प्रजापति, सावित्री पनाडिया, चंद्रवती सिंह सरपंच कुसमी, चेतना सिंह सरपंच भगवार, भास्कर साहू सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता ब्लॉक पदाधिकारी मंडलम सेक्टर के पदाधिकारी सहित कांग्रेसजन और क्षेत्रीयजन माताएं बहने उपस्थित रहे।
००
ज्ञापन में ये प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने कुसमी में एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना कार्यालय, सिविल न्यायालय और पशु चिकित्सालय का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की। किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा, खाद-बीज की उपलब्धता और सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पद भरने तथा विद्यालय में बस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। कुसमी बाजार की मुख्य सडक़ से अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त पुल और जर्जर मार्गों की मरम्मत, पात्र भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूखंड देने, लंबित सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रकरणों का निराकरण और जर्जर आंगनवाड़ी भवनों के पुनर्निर्माण की मांग की गई। इसके अलावा बिजली व्यवस्था में सुधार, प्रभावित गांवों में मोबाइल टावर लगाने, कुसमी महखोर भार्गी और गोतरा देवी मंदिर निवास मार्ग का निर्माण शुरू कराने, वन्यजीवों से ग्रामीणों की सुरक्षा तथा संजय टाइगर रिजर्व और गोतरा परियोजना से जुड़े विस्थापन एवं मुआवजे के मुद्दे भी उठाए गए। ग्राम तिनगी और आगर दहिरया के छूटे परिवारों को पुनर्वास तक सरकारी योजनाओं का लाभ देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
