सतना। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने स्मार्ट सिटी कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली।इस दौरान उन्होंने कचरा संग्रहण का कार्य कर रही रेमकी कंपनी की कार्यप्रणाली, सेवाओं की स्थिति एवं व्यवस्थाओं में सामने आ रही कमियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। आयुक्त ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से रेमकी के कचरा संग्रहण वाहनों के निर्धारित रूट चार्ट एवं संचालन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से उन मार्गों एवं क्षेत्रों की जानकारी ली, जहां कचरा संग्रहण वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंच रहे हैं। आयुक्त ने ऐसे मार्गों की पहचान कर कचरा संग्रहण व्यवस्था में सुधार लाने तथा वाहनों के संचालन की दैनिक निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रेमकी को स्पष्ट निर्देश
आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को रेमकी द्वारा संचालित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्यों की नियमितता एवं सेवा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने एजेंसी के कार्यों की सतत निगरानी करते हुए सामने आने वाली कमियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।
बल्क वेस्ट जनरेटरों के सूचीकरण पर जोर
आयुक्त ने शहर में बड़ी मात्रा में कचरा उत्पन्न करने वाले संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों की पहचान कर बल्क वेस्ट जनरेटर की व्यवस्थित सूची तैयार करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बड़े कचरा उत्पादकों को चिह्नित करने, उनके अपशिष्ट प्रबंधन की स्थिति का आकलन करने तथा नियमानुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के सभी क्षेत्रों में नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए तथा स्वच्छता सेवाओं में गुणवत्ता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
