इंदौर: चंदन नगर पुलिस ने सिंहासा स्थित आईटी पार्क के पास नाइजीरियन महिला इम्यूनल जॉय को 57.18 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है. जब्त मादक पदार्थ की कीमत 29 लाख रुपए से अधिक बताई गई है. महिला 14 अगस्त को बिजनेस वीजा पर भारत आई थी और मुंबई के बांद्रा ईस्ट में अपनी बहन के साथ हेयर सैलून में काम कर रही थी. पुलिस अब उसके मुंबई से इंदौर आने और ड्रग सप्लाई से जुड़े संपर्कों की पड़ताल कर रही है.
रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के चलते चंदन नगर पुलिस की टीम थाना मोबाइल से भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार भ्रमण कर रही थी. इसी दौरान आईटी पार्क सिंहासा के पास काले रंग का बैग लेकर खड़ी विदेशी महिला पुलिस को संदिग्ध दिखाई दी. उसे रोककर पूछताछ की गई तो वह सुनसान जगह पर खड़े होने का संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी और हड़बड़ाकर अंग्रेजी में जवाब देने लगी. पुलिस ने महिला की पहचान पूछी तो उसने अपना नाम इम्यूनल जॉय पिता इम्यूनल, निवासी लेगोस, नाइजीरिया, हाल निवासी बांद्रा ईस्ट, मुंबई बताया. तलाशी लेने पर उसके बैग से पारदर्शी प्लास्टिक की थैली मिली, जिसमें 57.18 ग्राम कोकीन थी. पुलिस ने कोकीन के साथ उसका मोबाइल भी जब्त किया. कोकीन रखने के संबंध में महिला से पूछताछ की गई तो उसके पास कोई दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला. इसके बाद चंदन नगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
कम दाम में खरीदी, महंगे दाम में बेचने की थी तैयारी…
पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह 14 अगस्त को नाइजीरिया से बिजनेस वीजा पर भारत आई थी, उसका वीजा 10 फरवरी 2027 तक है. मुंबई में वह अपनी बहन के साथ हेयर सैलून में काम कर रही थी. महिला ने कम कीमत में कोकीन खरीदकर महंगे दाम में बेचने और जल्दी रुपए कमाने की नीयत से इसे रखने की बात बताई है. अब जांच का फोकस इस बात पर है कि महिला को कोकीन कहां से मिली और इंदौर में इसे किसे देना था. पुलिस उसके मोबाइल में मौजूद संपर्कों और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है.
आरोपी महिला से पूछताछ: एडीसीपी
मामले में एडिशनल डीसीपी, दिशेष अग्रवाल ने नव भारत को बताया कि
आरोपी महिला से पुलिस रिमांड में पूछताछ की जा रही है, उसके मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर ड्रग के स्रोत तथा इससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. विदेशी नागरिक होने के कारण उसके दस्तावेजों का भी संबंधित एजेंसियों से सत्यापन कराया जा रहा है.
विदेशी रिकॉर्ड की भी जांच…
महिला के विदेशी नागरिक होने के कारण पुलिस उसके पासपोर्ट, वीजा, इमिग्रेशन स्टेटस, भारत में प्रवेश-निकासी रिकॉर्ड और यहां रहने से जुड़े दस्तावेजों का सक्षम एजेंसियों से सत्यापन करा रही है. इसके साथ ही मुंबई-इंदौर लिंक और कोकीन के स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है . जांच में सामने आने वाले ड्रग सप्लायर, स्थानीय संपर्क और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
