इंदौर: खुडैल थाना क्षेत्र के आरोग्यम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत 28 वर्षीय महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी ने अपने सहकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि आरोपी कई दिनों से उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर परेशान कर रहा था. 29 अगस्त को आरोपी उसे केंद्र की ऊपरी मंजिल पर ले गया, जहां कमरे का दरवाजा बंद कर चाकू गर्दन पर रखकर धमकाया और उसके साथ जबरदस्ती की. शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आरोग्यम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असरावद में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर पदस्थ है. उसके साथ काम करने वाला सोहेल शेख भी उसी पद पर कार्यरत है. महिला के मुताबिक, आरोपी कई दिनों से उसे गलत काम के लिए प्रताड़ित कर रहा था और ऐसा नहीं करने पर उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता था.
शनिवार को महिला स्वास्थ्य केंद्र पहुंची तो आरोपी ने उसे ऊपर की मंजिल पर विजिट के लिए साथ चलने को कहा. महिला ने जाने से मना किया तो आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि इतने साल से साथ काम करने के बावजूद उस पर भरोसा नहीं है. परिवार को लेकर दी गई धमकी से महिला डर गई और उसके साथ ऊपर चली गई. ऊपरी मंजिल पर पहुंचने के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया.
आरोपी ने उसका मुंह दबाकर उसे जमीन पर पटक दिया और जेब से चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर रख दिया. उसने पहले महिला को और फिर उसके परिवार को मारने की धमकी दी. इसके बाद डर के कारण महिला उसका विरोध नहीं कर सकी, आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की और वहां से चला गया. घटना के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की. खुडैल पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धमकी से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है
