
जबलपुर। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिवसीय प्रवास पर शनिवार शाम को जबलपुर आगमन हुआ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जबलपुर जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने डुमना एयरपोर्ट पर महामहिम राष्ट्रपति का जबलपुर आगमन पर स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मंत्री प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, राज्य सभा सांसद सुमित्रा, विवेक तंखा, सांसद आशीष दुबे, समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शनिवार शाम 6.10 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान द्वारा कलाईकुंडा एयरपोर्ट से जबलपुर आगमन हुआ। राष्ट्रपति जबलपुर एयरपोर्ट से शाम 6.20 बजे प्रस्थान कर शाम 6.45 बजे सर्किट हाउस क्रमांक-एक पहुंची जहां वे रात्रि विश्राम करने के बाद रविवार 21 जून की सुबह 7.05 बजे सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड प्रस्थान करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 7.20 बजे गैरिसन ग्राउंड पहुंचेंगी। यहां सुबह 7.30 बजे से आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति सुबह 8.35 बजे गैरिसन ग्राउंड से सर्किट हाउस क्रमांक-एक रवाना होंगी। श्रीमती मुर्मू सुबह 11.30 बजे सर्किट हाउस से प्रस्थान कर सुबह 11.40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पहुंचेंगी। यहां सुबह 11.50 बजे से दोपहर 12.50 बजे तक विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति दोपहर 12.50 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय से जबलपुर एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी। श्रीमती मुर्मू दोपहर 1.10 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगी तथा दोपहर 1.20 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान द्वारा ग्वालियर प्रस्थान करेंगी।
