
सुकमा, 30 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत तीन किलोवाट का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के बाद एक परिवार का प्रतिमाह तीन से चार हजार रुपये तक आने वाला बिजली बिल शून्य हो गया है। जिले के कुम्हाररास निवासी बुद्धिमंत पटारी के घर की छत पर प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत तीन किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाया गया है। इसके बाद परिवार को बिजली बिल के रूप में हर महीने खर्च होने वाली तीन से चार हजार रुपये तक की राशि से राहत मिली है।
श्री पटारी ने बताया कि पहले बिजली बिल पर हर माह हजारों रुपये खर्च होते थे। सोलर रूफटॉप सिस्टम लगने के बाद बिजली बिल शून्य हो गया है और इससे होने वाली बचत का उपयोग परिवार की अन्य घरेलू जरूरतों में किया जा रहा है। इस प्रणाली को लगाने के लिए परिवार को केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की सब्सिडी मिली है। इस प्रकार परिवार को कुल एक लाख आठ हजार रुपये की सरकारी सहायता प्राप्त हुई, जिससे सोलर सिस्टम लगाने की लागत का भार कम हुआ। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ उपभोक्ताओं के बिजली खर्च को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। बुद्धिमंत पटारी का परिवार योजना का लाभ लेकर स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग के साथ बिजली खर्च में बचत कर रहा है।
