सिंगरौली :नवानगर थाना क्षेत्र के माजन कला में सूने मकान को निशाना बनाकर की गई चोरी का पुलिस ने अपराध दर्ज होने के महज चार घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो विधि-विरुद्ध बालकों को दस्तयाब किया है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य विधि-विरुद्ध बालक की तलाश जारी है। दस्तयाब बालकों की निशानदेही पर चोरी गए करीब छ: लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए।
पुलिस अधीक्षक षियाज केएम ने पत्रकारो को जानकारी देते हुये बताया कि माजन कला निवासी बृज कुमार कुशवाहा परिवार सहित उज्जैन गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया और अलमारी व श्रृंगारदानी के लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी पार कर दी। वापस लौटने पर फरियादी को चोरी का पता चला। शिकायत पर नवानगर थाने में अपराध के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राकेश साहू ने टीम गठित की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले तथा संदिग्धों से पूछतांछ के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। साक्ष्यों के आधार पर दो विधि-विरुद्ध बालकों को दस्तयाब कर पूछतांछ की गई। उनकी निशानदेही पर पायल, छागल, करधनी, बिछिया, मंगलसूत्र, सुई-धागा, झुमकी और सोने की नथ सहित करीब छ: लाख के आभूषण बरामद हुए। उक्त कार्रवाई में सउनि डॉ. अजीत सिंह, अरविन्द चतुर्वेदी, प्रआर जितेन्द्र सेंगर, मोहित सिंह, जगदीश तिवारी, आर सुरेश परस्ते, प्रशान्त सिंह बघेल, विकास तोमर एवं म.आर मेघा माझी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एक अन्य विधि-विरुद्ध बालक की तलाश जारी है।
