
माचलपुर। काका के दशाकर्म यानी ग्यारहवें में रीति रिवाजों को पूरा करने पानी में नहाने उतरे भतीजा भी काल कवलित हो गया. घटना से पूरे अंचल में शोक है. मामला ग्राम भूतियाबे बांध का है. बुधवार को उस समय चीख-पुकार मच गई. जब अपने काका के निधन के ग्यारहवीं (घाटा) के कार्यक्रम में शामिल होने अपने परिजन व समाज के लोगों के साथ माचलपुर का एक 30 वर्षीय युवक बांध के गहरे पानी में डूब गया. करीब दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद जिला मुख्यालय से आई रेस्क्यू टीम ने युवक के शव को पानी से बाहर निकाला. इस हृदयविदारक घटना के बाद से पीडित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक जगदीश पिता धन्ना वर्मा जो माचलपुर निवासी है. जो कि बुधवार को अपने परिवार और समाज के लोगों के साथ अपने काका के ग्यारहवीं के कार्यक्रम के सिलसिले में भूतियाबे बांध पर गया था. ग्यारहवीं की क्रिया कर्म करने के बाद बांध में नहाने के लिए उतरा. नहाने के समय जगदीश पानी की गहराई अंदाज नहीं लगा पाया आगे निकल गया और गहरे पानी से वापस बाहर नहीं आया.
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को मिलते ही टीम ने राजगढ़ से विशेष रेस्क्यू टीम को बुलवाया. गोताखोरों ने मोटर बोट और उपकरणों की मदद से करीब डेढ़-दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला.
8 साल पहले शादी हुई,
दो बेटियां परिवार में
इस दर्दनाक हादसे के बाद से पीडित परिवार में मातम छा गया. बताया जा रहा है कि जगदीश का विवाह आठ साल पहले हुआ था. उसकी दो छोटी बेटियां हैं.
