
सीहोर/ बुधनी नेशनल हाईवे-46 बी पर मिडघाट में मंगलवार तड़के करीब 4 बजे एक भीषण सड़क हादसे में 8 वर्षीय मासूम और डंपर चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं. डंपर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था तभी पीछे से ट्रक भिड़ गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बुधनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-46बी के मिडघाट में मंगलवार तड़के करीब 4 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पुलिस के अनुसार डंपर क्रमांक एमपी40 एचए 5777 तकनीकी खराबी आने के कारण सड़क किनारे खड़ा था, जिसे मैकेनिक द्वारा ठीक किया जा रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रहे आइसर ट्रक क्रमांक एमएच 40 टीसी 1764 ने डंपर को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि आइशर ट्रक में सवार 8 वर्षीय राजवीर नागवंशी और सड़क किनारे मौजूद डंपर चालक प्रदीप पाल की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में ट्रक में सवार सरिता नागवंशी एवं सृष्टि नागवंशी घायल हो गईं. सूचना मिलते ही बुधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
पुलिस के मुताबिक ट्रक चालक मोनू नागवंशी आ. राधेश्याम नागवंशी, निवासी परासिया अपने परिवार के साथ भोपाल से छुट्टियां बिताकर घर लौट रहे थे. उन्होंने बताया कि रात करीब 3 बजे ओबेदुल्लागंज में भोजन करने के बाद वे परासिया के लिए रवाना हुए थे. मिडघाट पहुंचते ही उनका वाहन सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गया.
हादसे में मृत डंपर चालक प्रदीप पाल, पिता रघुवीर पाल, निवासी ग्राम नागौरी, थाना सांची, जिला रायसेन, डंपर की तकनीकी खराबी दूर कराने के लिए सड़क किनारे मौजूद थे. पुलिस ने दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं.
लिफ्ट मांगकर पिकअप में सवार हुआ था मृतक
आष्टा. थाना क्षेत्र में मंगलवार रात ग्राम लसूडिय़ा विजय सिंह के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सड़क किनारे खड़े ट्रक से बोलेरो पिकअप के टकराने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार चितावली जाट निवासी कमल प्रजापति बोलेरो पिकअप से अपने गांव लौट रहे थे. रास्ते में बडख़ोला निवासी 50 वर्षीय शमीम मियां ने उनसे लिफ्ट मांगी. लसूडिया विजय सिंह के समीप पहुंचने पर बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. हादसा इतना भीषण था कि शमीम मियां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक कमल प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल अस्पताल आष्टा लाया गया. ड्यूटी डॉ. अवधेश परमार ने प्राथमिक उपचार के बाद कमल प्रजापति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया.
