
मुलताई। क्षेत्र के ग्राम चिखली खुर्द में अवैध खनन करते हुए राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मौके से तीन डंपर और एक पोकलेन मशीन जप्त की। बताया जाता है कि यह झांसी की कंपनी है, जिसके द्वारा यहां अवैध उत्खनन किया जा रहा था। सूचना मिलते ही खनिज और राजस्व विभाग की टीम ने हाईवे से लगभग एक किलोमीटर अंदर छापा मारकर वाहनों को पकड़ा। जप्त किए गए वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से मुलताई थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। वहीं, विभागीय टीम द्वारा मौके पर नाप-जोख और पंचनामा तैयार किया गया।
इस कार्रवाई में मुलताई एसडीएम राजीव कहार, तहसीलदार संजय बरैया, जिला खनिज अधिकारी मनीष पालेवर सहित राजस्व और खनिज विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
