
ग्वालियर। जीवन में माता-पिता के बाद गुरू का ही महत्वपूर्ण स्थान है।बिना गुरु कृपा के जीवन का कल्याण नहीं हो सकता। परमात्मा भी जब पृथ्वी पर अवतार लेते हैं तो वे भी गुरु धारण करके ही पृथ्वी का उद्धार करते हैं। यह बात प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा आयोजित श्री गुरु पूजा महोत्सव के अवसर पर कहीं।
श्री हंस विभू आश्रम तानसेन रोड पर सदगुरुदेव सतपाल महाराज के अनुयायियों द्वारा गुरु पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने आश्रम में पूजा अर्चना प्रारम्भ की। दोपहर में रेलवे सामुदायिक भवन में भव्य सत्संग का आयोजन किया गया जिसमें साध्वी हरीशा बाई, साध्वी सोमाक्षी बाई ने गुरु महिमा का वर्णन किया। कार्यक्रम में वार्ड 31 की पार्षद अंजना हरीबाबू शिवहरे का उनके द्वारा किए जा रहे लोकोपकारी कार्यों के लिए सम्मान किया गया। अतिथियों का स्वागत रामबाबू कटारे, राजेश बंसल, रमेश सेठ, दयाल जोशी, गौरव गुप्ता, दिनेश कुशवाह, घनश्याम गुप्ता, कैलाश जोशी, संदीप शर्मा, प्रकाश पटवा, एसएस भदौरिया आदि ने किया। महाआरती के बाद भंडारे के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। मानव उत्थान सेवा समिति का राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख गुरुपूजा महोत्सव आगामी 9 एवं 10 जुलाई को सतलोक आश्रम मुरादनगर पर होगा।
