मप्र को सौगात, स्थापना दिवस पर शुरू होगी पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेश को पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा की महत्वपूर्ण सौगात मिल रही है। एक नवम्बर को भोपाल से उज्जैन के लिए हेलीकॉप्टर रवाना होगा। यह सेवा की सांकेतिक शुरुआत होगी और नवम्बर माह में ही पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए नियमित रूप से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस सेवा की विशेषता यह है कि मध्यप्रदेश पर्यटन के माध्यम से यात्रियों को रहवास एवं स्थानीय परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। तीन विभिन्न क्षेत्रों के लिए यह सेवा संचालित होगी। इनमें प्रथम क्षेत्र भोपाल से उज्जैन, इंदौर, मांडव और ओंकारेश्वर तक रहेगा। दूसरा क्षेत्र नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी, छिंदवाड़ा जिले के तामिया और छतरपुर जिले के खजुराहो को शामिल करेगा। तीसरी सेवा जबलपुर से कान्हा, पेंच और पन्ना राष्ट्रीय उद्यानों तक संचालित की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार शाम समत्व भवन स्थित अपने निवास पर मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि नवम्बर माह में ही तीनों हेलीकॉप्टर सेवाओं का नियमित संचालन प्रारंभ होगा। साथ ही प्रदेश के नौवें एयरपोर्ट उज्जैन के लिए एक नवम्बर को अनुबंध से संबंधित कार्यवाही भी पूर्ण की जाएगी।

स्थापना दिवस समारोह के प्रमुख आकर्षणों में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य शामिल है, जिसका मंचन भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर 2 और 3 नवम्बर की शाम होगा। एक नवम्बर को उद्योग विभाग द्वारा निवेश संबंधी दो वर्ष की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी और “वॉश ऑन व्हील्स” ऐप का शुभारंभ किया जाएगा।

बैठक में वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, भोपाल की महापौर मालती राय तथा अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

मप्र स्थापना दिवस पर अभ्युदय मध्यप्रदेश: लाल परेड मैदान में गूँजेगी विक्रमादित्य की गाथा

Tue Oct 28 , 2025
भोपाल। अतुल्य भारत का हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश अपना 70वाँ स्थापना दिवस इस वर्ष अभ्युदय मध्यप्रदेश के रूप में मनाने जा रहा है। यह भव्य आयोजन 1 से 3 नवंबर, 2025 तक भोपाल के लाल परेड मैदान में होगा। ‘विरासत से विकास’ की थीम पर आधारित यह समारोह उद्योग एवं रोजगार […]

You May Like