भोपाल: शासन द्वारा विधवा, विकलांग, निराश्रित, मंदबुद्धि, पतित्याकता एवं वृद्धजनों को प्रतिमाह 600 रुपये की पेंशन दी जाती है, लेकिन महंगाई के इस दौर में यह राशि उनके जीवनयापन के लिए नाकाफी साबित हो रही है। इसी को लेकर आज पेंशनधारियों ने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और पेंशन राशि बढ़ाने की मांग की। पेंशनधारियों का कहना है कि मात्र 600 रुपये में किसी भी जरूरतमंद का गुजारा संभव नहीं है, इसलिए उन्हें भी लाड़ली बहना योजना की तर्ज पर प्रतिमाह 1500 रुपये की पेंशन दी जानी चाहिए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पेंशन राशि समय पर दी जाए, नगर निगम, नगर पालिका और ग्राम पंचायतों में जमा लंबित आवेदन फार्मों का तुरंत निराकरण किया जाए, जिन पेंशनधारियों की पेंशन बंद हो गई है उसे तत्काल चालू किया जाए, और पेंशन राशि लाड़ली बहनों की तरह क्लिप प्रणाली से दी जाए ताकि भुगतान में देरी न हो। पेंशनधारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से निवेदन किया कि गरीब, असहाय और वृद्ध नागरिकों की जीवन आवश्यकताओं को देखते हुए पेंशन राशि में शीघ्र वृद्धि की जाए ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।
