सड़कों पर बेसहारा मवेशियों का कब्जा, राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही भारी परेशानी

सिरोंज: शहर की सड़कों, प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में इन दिनों बेसहारा मवेशियों का जमावड़ा आम नज़ारा बन गया है. सब्जी मंडी, बस स्टैंड, तहसील रोड, लिंक रोड, छतरी चौराहा और बासौदा नाका जैसे व्यस्त इलाकों में दिनभर ये मवेशी घूमते दिखाई देते हैं. इससे जहां राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत होती है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है.प्रशासन द्वारा पूर्व में कई बार पशुपालकों से अपने मवेशियों को सड़कों पर न छोड़ने की अपील की गई थी, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. अब भी कई पशुपालकों के मवेशी सड़कों पर खुलेआम घूमते नजर आते हैं.
वाहन चालकों को बढ़ रहा खतरा
मुख्य मार्गों पर मवेशियों का जमावड़ा यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. अचानक सड़क पर आ जाने या भिड़ जाने से कई बार दुर्घटनाएं होते-होते टल जाती हैं. वाहन चालकों को अक्सर हार्न बजाकर काफी देर तक इन मवेशियों को रास्ते से हटाना पड़ता है.
दुकानदारों को हो रहा नुकसान
सिर्फ राहगीर ही नहीं, बल्कि दुकानदार भी इन मवेशियों से परेशान हैं. कई बार ये मवेशी दुकानों में रखी खाद्य सामग्री व अन्य वस्तुएं खा जाते हैं या गिरा देते हैं, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता है. वहीं, मवेशियों के आपस में भिड़ जाने से आसपास खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो जाते हैं.
नागरिकों ने की कार्रवाई की मांग
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर घूम रहे बेसहारा मवेशियों को जल्द से जल्द पकड़कर गोशालाओं में भेजा जाए, ताकि शहर में यातायात सुचारू रूप से चल सके और दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके.

Next Post

एनजीटी ने ऊना में कथित अवैध स्टोन क्रशर से संबंधित याचिका का निपटारा किया

Mon Oct 27 , 2025
नयी दिल्ली/शिमला, 27 अक्टूबर (वार्ता) राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की यहां स्थित मुख्य पीठ ने हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले की घनारी तहसील के मंदवाड़ा गाँव में एक अवैध स्टोन क्रशर इकाई के संचालन संबंधी याचिका का निपटारा कर दिया है। पीठ ने पाया कि इकाई ने सभी अनिवार्य पर्यावरणीय […]

You May Like