
ग्वालियर। एक ओर जब पूरा देश दीपावली के जश्न में डूबा था, तो पुलिसकर्मी बिना किसी शिकायत ड्यूटी पर तैनात रहे ताकि दूसरों की दिवाली अच्छी बन सके. अफसर से लेकर जवान तक दिवाली पर लोगों की सुरक्षा के लिए कुल तीन दिनों तक वर्दी पहनकर परिवार से दूर रहे.
ग्वालियर एसएसपी ने दिवाली ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ दिवाली सेलिब्रेट करने के लिए बीती रात अनोखा पहल की जिसने सभी को भावुक कर दिया. एसएसपी धर्मवीर सिंह देर रात आईजी, डीआईजी को साथ लेकर अचानक पुलिस लाइन पहुंच गए और पुलिसकर्मियों के परिजनों को गिफ्ट देकर दिवाली सेलिब्रेट किया.
जैसे ही दीपोत्सव की शुरुआत हुई ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह की पहल पर आईजी अरविन्द सक्सेना, डीआईजी अमित सांघी और एसएसपी धर्मवीर सिंह अचानक मिठाई, फूलझडी लेकर पुलिस लाइन पहुंच गए और पुलिस लाइन में रहने वाले परिवारों के साथ दिवाली सेलिब्रेट कर उनकी दिवाली ख़ास बना दी.
पुलिस लाइन में पहुंचे अफसरों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस के जवानों के परिवार को एक जगह बुलाया और उनके साथ न केवल दीपक जलाए, बल्कि अनार- फुलझड़ी भी चलाई और मिठाईयां भी बांटी. जवानों के परिवारों के साथ अफसरों द्वारा दीपोत्सव सेलिब्रेट करने से काफी खुश नजर आए जवानों के परिजन.
