मप्र में तेज हुई लू की दस्तक, कई जिलों में 44 डिग्री के पार तापमान; स्कूलों और जनजीवन पर बढ़ा दबाव

भोपाल:उत्तर भारत से उठी भीषण गर्मी की लहर अब मध्य प्रदेश में पूरी तरह असर दिखाने लगी है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़कर 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जिससे लू जैसी स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है, जबकि ग्वालियर-चंबल और उज्जैन संभाग में हालात और ज्यादा गंभीर माने जा रहे हैं।

देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्से की गर्मी का सीधा असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिख रहा है, जहां उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं तापमान को लगातार ऊपर धकेल रही हैं।प्रदेश के अंदर छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव सबसे ज्यादा तपे, जहां तापमान क्रमशः करीब 44 और 43.5 डिग्री दर्ज किया गया। रतलाम, सतना, टीकमगढ़, दमोह, मंडला और रीवा जैसे जिलों में भी तापमान 42 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। धार, रायसेन, सीधी, दतिया और नर्मदापुरम में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है।

हालांकि मलाजखंड, उमरिया और खरगोन जैसे कुछ क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा, लेकिन वहां भी उमस और तेज धूप लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।राजधानी भोपाल में भी तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। इसके बावजूद अभी तक स्कूलों में छुट्टी को लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है, जिससे अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। यदि तापमान में इसी तरह वृद्धि जारी रही, तो लू का दायरा और बढ़ सकता है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Next Post

टुकड़ों में बंटा हुआ मिला सरमन का शव, बाघ ने किया शिकार

Sat Apr 25 , 2026
शिवपुरी। नरवर–सतनवाड़ा मार्ग के पास मड़ीखेड़ा डैम क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम एराबन निवासी सरमन आदिवासी पिछले दो दिनों से लापता था, उसका शव आज बेहद खौफनाक हालत में बरामद किया गया है। शव टुकड़ों में बंटा हुआ मिला, जिससे पूरे इलाके में […]

You May Like