जबलपुर: भेड़ाघाट थाना अंतर्गत आकाश ढाबा के पास बदमाशों ने सरपंच पर दनादन तीन राउंड फायरिंग कर दी। जिसमें से एक गोली सरपंच की पीठ में लग गई। हमले में घायल गिर गया और हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंच गई और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पतासाजी में जुट गई है।
भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया ने बताया कि शहपुरा घुंसौर निवासी दुर्गेश पटेल 35 वर्षीय ग्राम पंचायत सरपंच है। गुरूवार रात्रि आठ बजे वह फोरव्हीलर से खाना खाने के लिए भेड़ाघाट आकाश ढाबा पहुंचा था, वह जैसे ही कार से उतरा तभी दो अज्ञात बदमाश आये और पिस्टल तान दी । दुर्गेश कुछ समझ पाता इसके पहले ही बदमाशों ने दनादन तीन राउंड फायर कर दिए, जिसमें से एक गोली दुर्गेश की पीठ में जाकर धस गई और वह खून से लथपथ होकर गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां उसे भर्ती कर लिया गया है।
रैकी के बाद वारदात
हमलावरों ने रैकी के बाद वारदात को अंजाम दिया है। वारदात किन कारणों से की गई है इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। संदेहियों से भी पूछताछ चल रही है। इसके अलावा सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।
