अफगानिस्तान पाकिस्तान वार्ता बेनतीजा, बढ़ सकता है तनाव

इस्तांबुल, 28 अक्तूबर (वार्ता) अफगानिस्तान और पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडलों के बीच तुुुुर्की की राजधानी इस्तांबुल में चल रही वार्ता मंगलवार को किसी नतीजे के खत्म हो गयी। दोनों पक्षों के बीच अविश्वास की गहरी खाई और परस्पर शत्रुता के कारण यह वार्ता बेनतीजा रही।

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, क्षेत्रीय मध्यस्थता प्रयासों के बावजूद कोई प्रगति नहीं हुयी है। इससे दोनों देशों के बीच तनाव गहराने और क्षेत्रीय अस्थिरता की चिंताएं और बढ़ी हैं। तुर्की और कतर ने दोनों पक्षों के नेताओं से संवाद बनाए रखने और तनाव को कम करने का आग्रह किया है ताकि पहले से अस्थिर क्षेत्र में हिंसा और न बढ़े।

रिपोर्ट में कहा गया है कि मध्यस्थों ने स्वीकार किया है कि किसी भी पक्ष के बीच किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी। दोनों देशों की प्राथमिकताएं और अपेक्षाएं एक-दूसरे के बिल्कुल विपरीत रहीं, जिससे वार्ता आगे नहीं बढ़ पाई। अफगान तालिबान ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह किसी गंभीर वार्ता के लिए प्रतिबद्ध नहीं है।

इस सहयोग की कमी ने आगे संभावित तनाव बढ़ने की आशंका को जन्म दिया है। पाकिस्तान ने स्पष्ट किया है कि ”तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान” (टीटीपी) की गतिविधियों को रोकना और इस समूह के लड़ाकों को अफगानिस्तान में पनाह लेने से रोकना किसी भी समझौते की मुख्य शर्त है। पाकिस्तान टीटीपी विद्रोह को अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सीधा खतरा मानता है।

हाल में सीमा पर हुई झड़पों के बाद पाकिस्तान ने चेतावनी दी है कि यदि टीटीपी के हमले जारी रहे तो वह अफगान क्षेत्र में लक्षित सैन्य अभियान चलाना जारी रखेगा। पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती नागरिकों और सैन्य चौकियों की सुरक्षा के लिए निर्णायक कार्रवाई आवश्यक है।

इसके जवाब में अफगानिस्तान ने भी चेतावनी दी है कि यदि पाकिस्तान ने काबुल क्षेत्र में कोई हमला किया तो वह इस्लामाबाद के प्रमुख ठिकानों पर ”गंभीर जवाबी कार्रवाई” करेगा। अफगानिस्तान पक्ष ने यहां तक कहा कि उसकी सेना ”पाकिस्तान के महत्वपूर्ण इलाकों तक वार करने की क्षमता रखती है।”

इस वार्ता में कोई ठोस सहमति न बनने से क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

 

Next Post

तूफान' मेलिसा' जमैका और क्यूबा में कहर बरपाने की तैयारी में

Tue Oct 28 , 2025
किंग्सटन, 28 अक्तूबर (वार्ता) कैरेबियाई देश जमैका प्रचंड तूफान ‘मेलिसा’ के प्रकोप से बचने के लिए युद्धस्तर पर तैयारी कर रहा हैै। देश में करीब 15 लाख लोग और पड़ोसी देश क्यूबा में करीब छह लाख लोगों के इससे प्रभावित होने की आशंका जतायी गयी है। अमेरिकी मौसम विशेषज्ञों ने […]

You May Like