हैदराबाद, (वार्ता) इशान किशन (79), अभिषेक शर्मा ( 56) और हाइनरिक क्लासन (51) की शानदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 67वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 55 रनों से हराया।
इस मैच में आरसीबी को शीर्ष 2 में समाप्त करने के लिए 166 रन बनाने थे और वेंकटेश अय्यर ने उन्हें एक आक्रामक शुरुआत भी दिलाई थी। वेंकटेश ने मात्र 19 गेंदों पर 44 रन बनाए, हालांकि इसके बाद आरसीबी को नियमित झटके लगे जिसके बाद उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की और 166 के स्कोर को छूते हुए क्वालिफायर-1 में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। आरसीबी से पहले गुजरात टाइटंस ने एक दिन पहले ही चेन्नई सुपर किंग्स पर बड़ी जीत दर्ज करते हुए क्वालिफ़ायर-1 में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली थी। 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी के लिए वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। पांचवें ओवर में ईशान मलिंगा ने वेंकटेश अय्यर को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को पहली सफलता दिलाई। अय्यर ने 19 गेंदों में चार चौके ओर चार छक्के उड़ाते हुए 44 रनों की पारी खेली। छठें ओवर में साकिब हुसैन ने विराट कोहली (15) का शिकार कर लिया। नौंवे ओवर में मलिंगा ने देवदत्त पड़िक्कल (21) को आउटकर अपना दूसरा विकेट लिया। 19वें ओवर में ट्रेविस हेड ने रजत पाटीदार को कैच आउट कराया। पाटीदार ने 39 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 56 रनों की पारी खेली। आरसीबी की टीम निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 200 रन ही बना सकी और 55 रनों से मुकाबला हार गई। क्रुणाल पांड्या ने 31 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए नाबाद 41 रन बनाये। टिम डेविड ने सात गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगात हुए नाबाद 15 रन बनाये।
इससे पहले आज यहां सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने पहले विकेट लिए (45) रन जोड़े। चौथे ओवर में रसिख सलाम ने ट्रेविस हेड 16 गेंदों में (26) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। नौवें ओवर में सुयश शर्मा ने अर्धशतक बना चुके अभिषेक शर्मा का शिकार कर लिया। अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 56 रनों की पारी खेली। सनराइजर्स का तीसरा विकेट 17वें ओवर में हाइनरिक क्लासन के रूप में गिरा। उन्हें क्रुणाल पांड्या ने आउट किया। हाइनरिक क्लासन ने 24 गेंदों में दो चौके और पांच छक्के लगाते हुए 51 रन बनाये।
सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इशान किशन ने 46 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाते हुए 79 रनों की पारी खेली। वहीं पारी की आखिरी गेंद पर कैच आउट हुये। वहीं नीतीश कुमार रेड्डी ने 12 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 29 रन बनाये। इस स्कोर के साथ सनराइजर्स ने टॉप 2 में अपना स्थान पक्का करने के लिए दरवाजा खोल दिया है।
आरसीबी के लिए रसिख सलाम ने दो विकेट लिये। क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
