नयी दिल्ली, 11 मई (वार्ता) कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक बार फिर नीट यूजी 2026 परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक की आशंकाओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
सुश्री वाड्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासन में पिछले कई वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार देश के युवाओं से उनका भविष्य छीन रहा है। इस बार भी लगभग 23 लाख छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। नीट जैसी परीक्षाओं के लिए छात्र-छात्राएं दिन-रात मेहनत करते हैं और माता-पिता अपना सबकुछ दांव पर लगा देते हैं, लेकिन हर बार परीक्षाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि संसद में पेपर लीक रोकने के लिए लाए गए कथित सख्त कानून का क्या लाभ हुआ, जब जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार और अनियमितताएं लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के युवाओं के प्रति जवाबदेह हैं और यह सिलसिला कब तक चलता रहेगा, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि नीट यूजी 2026 को लेकर राजस्थान में बड़ा विवाद सामने आया है। परीक्षा में कथित गड़बड़ी, गेस पेपर और संभावित पेपर लीक की आशंका के बीच राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और एंटी टेरर स्क्वॉड मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
