दिल्ली में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: एमसीडी और एएसआई के रिश्वतखोरी रैकेट का भंडाफोड़

नयी दिल्ली, 03 अप्रैल (वार्ता) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय राजधानी में दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। पहला मामला 31 मार्च को दर्ज किया गया था, जिसमें शाहदरा नॉर्थ जोन में तैनात एक बेलदार पर आरोप है कि उसने एक व्यक्ति के घर को न गिराने के बदले 80,000 रुपये की रिश्वत मांगी। एक अप्रैल को सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी को 5,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि वह अपने लिए 5,000 रुपये और एक जूनियर इंजीनियर के लिए 70,000 रुपये मांग रहा था। इसके बाद जूनियर इंजीनियर की भूमिका भी सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरे मामले में, सीबीआई ने नयी दिल्ली स्थित जंतर-मंतर सब-सर्कल में तैनात एएसआई के एक संरक्षण सहायक और एक मॉन्यूमेंट अटेंडेंट को गिरफ्तार किया। आरोप है कि मॉन्यूमेंट अटेंडेंट ने संरक्षण सहायक की ओर से 3.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी, ताकि 24 मार्च को जारी नोटिस वापस लिया जा सके और काम जारी रखने की अनुमति दी जा सके। बाद में बातचीत के दौरान रिश्वत की रकम 3.10 लाख रुपये तय हुई और शिकायतकर्ता से पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये देने को कहा गया। एक अप्रैल को सीबीआई ने ट्रैप ऑपरेशन के दौरान मॉन्यूमेंट अटेंडेंट को एक लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जांच में संरक्षण सहायक की संलिप्तता भी सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Next Post

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की

Fri Apr 3 , 2026
नयी दिल्ली, 03 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस ने तमिलनाडु विधानसभा के लिए शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष के सेल्वपेरुठन्गे सहित 27 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। कांग्रेस ने 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा के लिए जिन उम्मीदवारों की सूची जारी की है उसमें पूर्व विधायक के. सेल्वापेरुन्थगई तथा ए. एम. मुनिरत्नम […]

You May Like