
० शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र थनहवा टोला व संजीवनी क्लीनिक और कुचवाही एवं बहरी का किया गया निरीक्षण, अनुपस्थित मिले डॉक्टर
नवभारत न्यूज
सीधी २२ फरवरी। जिला स्वास्थ्य विभाग की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.बबिता खरे द्वारा पदभार संभरने के बाद से ही लगातार अलर्ट मोड पर हैं। उनके द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का आज औचक निरीक्षण किया गया। यह औचक निरीक्षण शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य, कुचवाही एवं बहरी का किया गया। औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले दो डॉक्टरों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.बबिता खरे द्वारा शहर के थनहवा टोला में संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र व संजीवनी क्लीनिक का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संजीवनी क्लीनिक में डॉक्टर अनुपस्थित पाये गये, जिस पर उन्होंने नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुचवाही एवं बहरी का भी औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके द्वारा सभी कर्मचारियों को समय पर स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचने और अपने प्रदत्त दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन करने के निर्देश दिये गये। उन्होंने कहा कि कर्मचारी समय पर स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे, जिससे आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं को पाने के लिये अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। यदि कोई स्वास्थ्यकर्मी बिना सूचना के अपने कार्य स्थल से अनुपस्थित मिलते हैं तो यह गंभीर कदाचरण माना जायेगा। इस दौरान सीएमएचओ डॉ.बबिता खरे ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मौजूद मरीजों एवं उनके परिजनों से भी चर्चा कर आवश्यक जानकारी ली। मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी उनके द्वारा विस्तार से जानकारी ली गई। सीएमएचओ द्वारा जिस तरह से स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण शुरू किया गया है उससे लापरवाह स्वास्थ्य कर्मियों में हडक़ंप मच गया है। विभागीय सूत्रो का कहना है कि सीएमएचओ का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।
००
दायित्वों का निर्वहन नहीं करने वालों के खिलाफ होगी कार्यवाही: डॉ.खरे
जिला स्वास्थ्य विभाग की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.बबिता खरे ने चर्चा के दौरान कहा कि अस्पतालों में पदस्थ स्वास्थ्यकर्मियों के अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्यवाही प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जावेगी। जिले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, उप स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण उनके द्वारा शुरू किया गया है। निरीक्षण के दौरान कोई भी स्वास्थ्यकर्मी यदि बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले तो उनको कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब लिया जायेगा। संतोषप्रद जवाब न मिलने पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जावेगी।
००००००००००००
