पाथाखेड़ा। शोभापुर कॉलोनी स्थित स्टेट बैंक के सामने बने छोटे से पार्क में स्थापित सफाई कामगार की प्रतिमा उपेक्षा की शिकार बनी हुई है। नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा दीपावली पर्व पर पूरे क्षेत्र में स्वच्छता, सजावट और प्रकाश व्यवस्था के सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन यह प्रतीकात्मक प्रतिमा ध्यान न मिलने से अपनी चमक खोती जा रही है।
नगर पालिका द्वारा यह मूर्ति श्रमिक वर्ग के सम्मान और स्वच्छता अभियान के प्रतीक रूप में स्थापित की गई थी, किंतु अब इसका रंग-रोगन फीका पड़ चुका है और आसपास की सफाई व्यवस्था भी लचर दिखाई दे रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह प्रतिमा श्रम और स्वच्छता का प्रतीक है, जिसे देखकर लोगों को प्रेरणा मिलनी चाहिए।
नागरिकों ने नगर पालिका परिषद से मांग की है कि 26 जनवरी, 15 अगस्त, दीपावली और होली जैसे राष्ट्रीय व सांस्कृतिक पर्वों पर इस प्रतिमा के रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। स्वच्छता अधिकारी से इस संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका दूरभाष संपर्क नहीं हो सका। नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि नगर पालिका शीघ्र ही इस प्रतीक मूर्ति का सौंदर्य पुनर्स्थापित कर स्वच्छता अभियान की भावना को फिर से साकार करेगी।
