
जबलपुर। जिले में पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो गई है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट से लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सुबह 11.20 बजे इस सेवा का शुभारंभ किया। अब जबलपुर से कान्हा, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, धार्मिक स्थल मैहर, चित्रकूट व अमरकंटक पहुंचना आसान होगा। यह सेवा सप्ताह में पांच दिन रहेगी। केंद्रीय विमानन मंत्रालय और मप्र पर्यटन बोर्ड की देखरेख में फ्लाई ओला कंपनी इसका संचालन करेगी।
इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि महाकौशल टूरिस्ट हब है, जहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, हवाई सेवा के माध्यम से यहां आने वाले पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिल गई है। बहुत ऐसे पर्यटक आते हैं जो कम समय में ज्यादा से ज्यादा स्थानों पर घूमना चाहते हैं लेकिन सड़क मार्ग से यह मुमकिन न था। पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा ने इस समस्या को खत्म कर दिया है, इससे जहां कम समय में ज्यादा से ज्यादा स्थानों तक पहुंचना आसान हो गया है वहीं रोजगार भी बढ़ेगा।
