
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत सांसद आलोक शर्मा द्वारा तीन दिवसीय रानी कमलापति स्वदेशी मेला का आयोजन किया गया। गौहर महल परिसर में आयोजित इस मेले का शुभारंभ शुक्रवार को राज्य मंत्री कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री, सुदेश राय, महापौर मालती राय, जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति, ग्रामीण जिलाध्यक्ष तीरथ मीणा, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह और पूर्व सांसद आलोक संजर ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि यह मेला प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने की दिशा में एक प्रेरक कदम है। वहीं सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि मेले में ग्रामीण क्षेत्रों और स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा हाथों से बनाए गए उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पाद अपनाने से स्थानीय कारीगरों, किसानों और लघु उद्यमियों को सशक्त किया जा सकेगा। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने स्वदेशी वस्तुएं अपनाने का संकल्प लिया।
