
नीमच। जिले के रतनगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 141 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। साथ ही एक क्रेटा कार भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई ग्राम मुवादा के कच्चे रास्ते पर वाहन चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें राजेश धाकड़ और कन्हैयालाल धाकड़ शामिल हैं। दोनों आरोपी ग्राम मुवादा, थाना रतनगढ़, जिला नीमच के निवासी बताए जा रहे हैं।
जब्त किए गए डोडाचूरा की कीमत लगभग 14 लाख 13 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि बरामद क्रेटा कार की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनगढ़ और उनकी टीम के साथ साइबर सेल नीमच की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
