ग्वालियर: वालियर नगर निगम द्वारा शुरू किए गए ‘स्वच्छता की दिवाली 01 रुपये वाली’ अभियान ने जरूरतमंदों के चेहरों पर दिवाली की असली रौनक बिखेर दी। इस अनूठे नवाचार के तहत, लोगों द्वारा दान की गई अनुउपयोगी सामग्री को मात्र ₹1 के टोकन मूल्य पर जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया गया।फूलबाग स्थित मछली घर आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकल) सेंटर पर आयोजित वितरण कार्यक्रम में, किसी ने टीवी तो किसी ने ट्रॉली बैग लिया। नियमों के अनुसार, प्रत्येक जरूरतमंद को अधिकतम पाँच-पाँच सामान उपलब्ध कराए गए।
ऐसे पूरा हुआ 16 वर्षीय विक्रम का सपना
फूलबाग क्षेत्र के 16 वर्षीय विक्रम राठौर को जब इस अभियान में ₹1 में गिटार मिला, तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। विक्रम ने कहा कि इतना महंगा होने के कारण वह नया गिटार लेने की सोच भी नहीं सकता था, लेकिन अब उसका गिटार सीखने का सपना पूरा हो जाएगा।
इमरान की माँ को मिला टीवी का तोहफा
गुडी गुडा का नाका निवासी इमरान ने बताया कि वह बहुत दिनों से अपनी माताजी के लिए टीवी लेने की सोच रहे थे, लेकिन महँगाई के कारण नहीं खरीद पा रहे थे। निगम के इस अभियान के तहत उन्हें ₹1 में टीवी मिल गई, जिससे अब वह अपनी माताजी के साथ घर पर टीवी देख सकेंगे।
बच्चों की ‘दिवाली’ खिलौनों से मनी
सामानों के वितरण के दौरान बड़ी संख्या में बच्चे भी अपने अभिभावकों के साथ मौजूद थे। निगमायुक्त के निर्देश पर सभी बच्चों को इकट्ठे हुए खिलौने प्रदान किए गए। खिलौने पाकर बच्चों की खुशी देखते ही बनी और वे बोले, “हमारी तो मन गई दिवाली।”
20 अक्टूबर तक चलेगा कलेक्शन
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय और अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने बताया कि यह अभियान 13 अक्टूबर से शुरू किया गया था, जिसके तहत विशेष वाहनों द्वारा शहर के चारों विधानसभा क्षेत्रों से अनुउपयोगी सामग्री एकत्रित की गई। शहर के नागरिकों ने बड़ी संख्या में सामग्री दान की है। सामग्री कलेक्शन का कार्य 20 अक्टूबर तक जारी रहेगा, और फूलबाग स्थित आरआरआर सेंटर से दिवाली के बाद भी जरूरतमंदों को निरंतर सामान वितरित किया जाता रहेगा।
