
ब्यावरा। त्यौहार के समय नगर में पेयजल सप्लाई का अंतराल काफी बढने से नागरिकों को पानी के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई स्थानों पर पेयजल सप्लाई का अंतराल बढक़र 10 वें दिन जा पहुंचा है.
गौरतलब है कि दीपावली त्यौहार के चलते साफ-सफाई का कार्य जोरों पर चल रहा है. जिसके अन्य दिनों की तुलना में पानी की कहीं अधिक जरुरत पड़ रही है. ऐसे में पेयजल सप्लाई का अंतराल इतना अधिक बढने से पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है.
दूर दराज से ला रहे पानी
पेयजल सप्लाई में अधिक दिन का अंतराल होने से स्टॉक में रखा पानी भी खत्म हो चला है. लोगों को दूर-दराज ट्यूबवेल व अन्य जल स्त्रोंतो से पानी लाना पड़ रहा है.
जानकारी के अनुसार 16 अक्टूबर को भंवरगंज, राजगढ़ रोड, सुदामा नगर में पेयजल सप्लाई हुई यहां इसके पूर्व 5 अक्टूबर को पेयजल सप्लाई हुई थी. इस तरह 11 वें दिन सप्लाई हो सकी. वहीं राजगढ़ रोड पर कुछ जगह सप्लाई हुई यहां पूर्व में 6 अक्टूबर को सप्लाई हुई थी. जबकि पंचशील कॉलोनी में गुरुवार को भी पेयजल सप्लाई नहीं हो सकी यहां इसके पूर्व 6 अक्टूबर को पेयजल सप्लाई हुई थी.
मोटर फुंकने, बिजली कटौती से बड़ा अंतराल नपा द्वारा पेयजल सप्लाई का अंतराल बढने के पीछे
विगत दिवस घोड़ापछाड़ इंटकवेल की विद्युत मोटर खराब होने तथा बिजली कटौती को बताया जा रहा है.
विशेष बात यह है कि पेयजल सप्लाई के कार्य में लगी विद्युत मोटरों में खराबी आने, मैंटेनेंस कार्य का ठेका भोपाल निवासी ठेकेदार का है, ऐसे में कोई विद्युत मोटर में खराबी आती है तो उसकी मरम्मत के लिए मोटर को वाहन द्वारा भोपाल ले जाया जाता है. इसमें काफी समय लगने के साथ पेयजल सप्लाई में विलंब हो रहा है.
