
ग्वालियर। प्लॉट के विवाद में पंचायत में बात नहीं बनी तो दो युवकों को बुलाकर चार बदमाशों ने एक शख्स को गोली मार दी. वहीं, दूसरे को चाकू मारकर घायल कर दिया. घटना कंपू थाना क्षेत्र के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के पास की है. घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया है. वहीं, पुलिस ने घायलों की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है.
बहोड़ापुर मेवाती मोहल्ला में रहने वाले आमिर उर्फ रिंकू खान और कालू वाल्मीकि का एक प्लॉट कंपू कैंसर पहाड़िया स्थित गड्ढे वाले मोहल्ले में है. इस प्लॉट को बंटी खान, बेटू खान, सीटू खान और एक अन्य लेना चाहते है, लेकिन वह इसे बेचने के लिए तैयार नहीं है.
इसे लेकर चारों आरोपियों ने बातचीत और पंचायत कराने के लिए आमिर और कालू वाल्मीक को बुलाया. काफी देर चली पंचायत में कालू और आमिर ने उन्हें प्लॉट देने से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों वहां से चले गए. पंचायत से लौटने के बाद कालू और आमिर अस्पताल गए हुए थे, जहां उनके दोस्त विकास की पत्नी की डिलीवरी होनी थी.
फोन कर बातचीत के लिए फिर बुलाया
इस दौरान उनके पास बंटी खान, बेटू खान, सीटू खान और एक अन्य व्यक्ति ने कॉल कर बातचीत के लिए बुलाया, लेकिन उन्होंने आने से मना कर दिया. उन्होंने आरोपियों को बताया कि वो अभी अस्पताल में हैं, जहां विकास की पत्नी की डिलीवरी हुई है.
