
टीकमगढ़। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की तत्परता और कुशलता से एक 4 साल की बच्ची की जान बच गई। बल्देवगढ़ ब्लॉक के पूरा खेरा गांव की रहने वाली संस्कृति यादव ने खेल-खेल में 5 रुपए का सिक्का निगल लिया था, जो उसके गले में फंस गया।
घटना के बाद बच्ची को लगातार तीन दिनों तक उल्टियां और गले में तेज दर्द की समस्या बनी रही। परिजन जब उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, तो विशेषज्ञ डॉक्टर अरविंद सिंह चौहान ने जांच के बाद तुरंत एक्स-रे कराने की सलाह दी। रिपोर्ट में गले के अंदर सिक्का फंसा होने की पुष्टि हुई।
स्थिति को गंभीर मानते हुए डॉक्टर चौहान ने बिना देर किए ऑपरेशन का निर्णय लिया। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉक्टर चेतन बमोरिया और स्टाफ नर्स रोशनी व गायत्री की टीम ने मिलकर प्रक्रिया को अंजाम दिया। महज 5 मिनट में सफल ऑपरेशन कर सिक्के को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
ऑपरेशन के बाद बच्ची को कुछ समय तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। चिकित्सकों की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
