
मंदसौर। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को शामगढ़ बस स्टैंड पर वर्चुअल माध्यम से महाराणा प्रताप की आदमकद प्रतिमा का अनावरण एवं महाराणा प्रताप उद्यान का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक हरदीप सिंह डंग, चंदर सिंह सिसोदिया सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि भारत आज विकास के साथ अपनी गौरवशाली विरासत को भी आगे बढ़ा रहा है। महाराणा प्रताप की प्रतिमा युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रताप ने आत्मनिर्भरता और स्वदेशी का संदेश दिया था, जिसे आज हमें अपनाना चाहिए। सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में विकास के साथ राष्ट्र गौरव को भी सशक्त किया जा रहा है, वहीं विधायक डंग ने किसानों को मिली योजनाओं के लाभों की जानकारी दी।
