
खरगोन। संपूर्णता अभियान में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर जिले को ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह के दौरान जिले के अधिकारियों को सम्मानित करते हुए दिया। यह सम्मान नीति आयोग ने जुलाई से सितंबर 2024 तक चलाए गए संपूर्णता अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने पर दिया।
जिले की टीम को तत्कालीन कलेक्टर कर्मवीर शर्मा के मार्गदर्शन में किए गए बेहतरीन कार्यों के लिए विशेष सराहना मिली।
समारोह में कर्मवीर शर्मा तत्कालीन कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ आकाश सिंह, भगवानपुरा तत्कालीन सीईओ पवन कुमार शाह, झिरन्या जनपद सीईओ महेंद्र श्रीवास्तव, तकनीकी सहायक जिला पंचायत नीरज अमझरे को मुख्यमंत्री ने मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य सचिव अनुराग जैन, नीति आयोग के सचिव डॉ. रोहित कुमार, सदस्य रमेश चंद्र, तथा प्रदेश के प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप उपस्थित रहे।
