
छतरपुर। नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में समोसे देने में देरी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कांग्रेस कार्यालय के पास समोसे की दुकान लगाने वाले युवक पर आरोपियों ने लोहे की झरिया से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान साहिल चौरसिया (23 वर्ष) पिता लक्ष्मी चंद्र चौरसिया, निवासी कड़ा की बारिया के रूप में हुई है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित साहिल ने बताया कि वह रोज की तरह ही रात करीब 9:30 बजे अपनी दुकान पर समोसे बेच रहा था। इसी दौरान कुछ युवक समोसे लेने पहुंचे। भीड़ अधिक होने के कारण समोसे देने में थोड़ी देरी हो गई, जिस पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर बात बढ़ गई और आरोपियों ने साहिल के साथ मारपीट करते हुए लोहे की झरिया से हमला कर दिया।
हमले में साहिल के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
