मां की ममता बनी ढाल: 20 फीट ऊंची छत से गिरते हुए भी बच्ची को बचाया

छतरपुर। जिले से मां की ममता और साहस की एक भावुक और प्रेरणादायक घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के गंगायच गांव में एक मां ने अपनी जान जोखिम में डालकर अपनी एक साल की मासूम बच्ची को 20 फीट ऊंची छत से गिरने से बचा लिया। इस हादसे में बच्ची पूरी तरह सुरक्षित रही, जबकि मां को गंभीर चोटें आईं और उन्हें बेहतर इलाज के लिए सागर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, राखी रजक सुबह के समय अपनी एक साल की बच्ची को धूप सेंकने के लिए घर की छत पर लेकर गई थीं। छत पर खेलते-खेलते बच्ची अचानक छत के किनारे की ओर बढ़ गई। जैसे ही राखी की नजर बच्ची पर पड़ी, वह तुरंत उसकी ओर दौड़ीं और उसे गोद में उठा लिया। बच्ची को बचाने की कोशिश में राखी का संतुलन बिगड़ गया और वह बच्ची को सीने से लगाए हुए छत की सीमा पार कर गईं।

मां ने गिरते वक्त बच्ची को पूरी मजबूती से अपनी गोद में थामे रखा। दोनों करीब 18 से 20 फीट नीचे पक्की सड़क पर गिरीं। हादसे के बाद यह देखकर सभी हैरान रह गए कि बच्ची को एक खरोंच तक नहीं आई, जबकि मां राखी रजक के चेहरे, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल राखी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सागर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मां की ममता और त्याग किसी भी खतरे से बड़ा होता है।

Next Post

ग्वालियर मेले में 50 प्रतिशत आरटीओ छूट दिलाये जाने के लिए मुख्यमंत्री से मिलने जाएगा कैट

Sun Dec 28 , 2025
ग्वालियर। कॉन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स कैट के प्रतिनिधिमंडल ने आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल से उनके निवास पर भेंट की। कैट के संयुक्त अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल के साथ कैट महामंत्री विवेक जैन, संभागीय मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ खण्डेलवाल, अरुण गुप्ता, दिनेश बंसल, जय हिन्द […]

You May Like