
ग्वालियर। कॉन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स कैट के प्रतिनिधिमंडल ने आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल से उनके निवास पर भेंट की। कैट के संयुक्त अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल के साथ कैट महामंत्री विवेक जैन, संभागीय मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ खण्डेलवाल, अरुण गुप्ता, दिनेश बंसल, जय हिन्द सिंह परिहार, अनुराग जैन, विकास शिवहरे, रजत सिंहल, योगेश मित्तल ने कहा कि मेला ग्वालियर की 120 साल पुरानी धरोहर है अतः मेले को संरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में अभी सबसे महत्वपूर्ण है कि मेले में ऑटोमोबाइल सेक्टर लगे और वाहनों पर 50 प्रतिशत आरटीओ छूट प्राप्त हो। कैट प्रतिनिधिमंडल ने आशीष अग्रवाल से मुख्यमंत्री से कैट का प्रतिनिधिमंडल मिले उसके लिए आग्रह किया। आशीष अग्रवाल ने आश्वस्त किया कि 5 जनवरी तक हम आपको समय दिला देंगे और मेला हम सबकी धरोहर है इसके लिए हम मिलकर काम करेंगे।
