
ग्वालियर। ग्वालियर में सड़कों की बदहाली और घटिया निर्माण का एक और शर्मनाक नमूना सामने आया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे के लिए आनन-फानन में बनाई गई सड़क उनके शहर छोड़ते ही उखड़ना शुरू हो गई। जिस सड़क को चंद घंटों पहले चमकाया गया था, वह अब कंक्रीट के ढेर में तब्दील हो चुकी है।
*कुछ घंटों की मेहमान रही ‘चमचमाती’ सड़क*
24 दिसंबर को अमित शाह के ग्वालियर आगमन को लेकर प्रशासन ने सूर्य नमस्कार तिराहे से आकाशवाणी चौराहे तक की सड़क का कायाकल्प किया था। रातों-रात डामर बिछाया गया ताकि गृहमंत्री के काफिले को कोई झटका न लगे। लेकिन प्रशासन की यह ‘कारीगरी’ अमित शाह के जाते ही जवाब दे गई। शाह की रवानगी के कुछ ही घंटों बाद सड़क की परतें उखड़ने लगीं, जिससे निर्माण कार्य की घटिया गुणवत्ता साफ नजर आने लगी है। ग्वालियर अब देश भर में अपनी घटिया सड़कों के लिए चर्चा का विषय बनता जा रहा है।
*चेतकपुरी रोड*: निर्माण के 15 दिनों के भीतर बारिश में 15 बार धसक चुकी है।
*शहर के अन्य हिस्से:* आए दिन सड़कों के धंसने और गड्ढों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर ग्वालियर प्रशासन की किरकिरी कराती रहती हैं। इस लापरवाही ने शहर की छवि को बुरी तरह प्रभावित किया है।
कांग्रेस ने घेरा
इस मामले को लेकर अब सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता के टैक्स के पैसों की खुली बर्बादी और भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण बताया है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि प्रशासन केवल नेताओं को खुश करने के लिए “दिखावटी” काम कर रहा है, जबकि आम जनता गड्ढों में चलने को मजबूर है।
