
मंडला। पूर्व विधायक निवास और तेज़तर्रार, अनुभवी नेता डॉ. अशोक मसकोले को जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर वर्तमान जिलाध्यक्ष राकेश तिवारी ने कांग्रेसजनों सहित बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।
नियुक्ति मिलने पर डॉ. मसकोले ने कहा कि केंद्रीय, प्रदेश एवं जिला नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए विश्वास और भरोसे पर वे पूरी ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव एवं लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार का आभार व्यक्त किया।
डॉ. मसकोले लंबे संघर्ष, अनुभव और मार्गदर्शन से कांग्रेस को नई दिशा व मजबूती देने के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में वे प्रदेश कांग्रेस में सचिव का दायित्व निभा रहे हैं। उनका पूर्व परिचय भी उल्लेखनीय रहा है— वे जूडो मेडिकल कॉलेज जबलपुर के अध्यक्ष रहे, इसके बाद जिला चिकित्सालय मंडला में सेवाएं दीं। साथ ही आदिवासी पंचायत महासभा के संयोजक सहित कई जिम्मेदार पदों का निर्वहन कर चुके हैं। इसके बाद उन्हें विधायक निवास का टिकट मिला था, जहां उन्होंने तत्कालीन केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के भाई को हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी।
कांग्रेसजनों का मानना है कि डॉ. मसकोले की संगठनात्मक क्षमता, जनसंपर्क और जुझारूपन जिले में पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा।
