
ग्वालियर। माधवराव सिंधिया नामकरण एवं विकास समिति द्वारा माधवीराजे सिंधिया की पुण्यतिथि को विकास दिवस के रूप में मनाते हुए माधव मंगल पैलेस में वृक्षारोपण एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संगठन प्रभारी अनिल पुनियानी ने की एवं मुख्य अतिथि के रूप में समिति के अध्यक्ष संजय दीक्षित एडवोकेट उपस्थित रहे।
विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि माधवीराजे सिंधिया ने ग्वालियर-चंबल अंचल में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अविस्मरणीय कार्य किए हैं। उनके द्वारा कराए गए विकास कार्य आज भी जनता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों द्वारा माधव मंगल पैलेस परिसर में वृक्षारोपण किया गया। मुख्य अतिथि संजय दीक्षित एडवोकेट ने कहा कि माधवीराजे ने हमेशा अंचल को हरा-भरा बनाने का सपना देखा था। संगठन प्रभारी अनिल पुनियानी ने कहा कि माधवराव सिंधिया के विकास के विजन के साथ-साथ माधवीराजे का भी सामाजिक सरोकारों में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समिति उनके बताए मार्ग पर चलकर विकास दिवस के माध्यम से जनसेवा के कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया, बलराम सिंह, चन्द्र सिंह, आशीष मंगल, सुरेन्द्र सिंह, शकील भाई सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल थे।
